पीलीभीत के माला जंगल में ट्रेन के सामने गिरा पेड़:लोको पायलट की सूझबूझ से टला हादसा, इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका

पीलीभीत के माला जंगल में ट्रेन के सामने गिरा पेड़:लोको पायलट की सूझबूझ से टला हादसा, इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका

पीलीभीत में मैलानी से पीलीभीत आ रही एक पैसेंजर ट्रेन सोमवार को हादसे का शिकार होने से बच गई। सडई रेलवे हाल्ट के आगे माला जंगल में अचानक एक विशाल पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया। लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ से ट्रेन समय पर रुक गई। इससे करंट फैलने का एक बड़ा खतरा भी टल गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार को पैसेंजर ट्रेन सडई रेलवे हाल्ट के आगे माला जंगल से गुजर रही थी। इसी दौरान लोको पायलट की नजर ट्रैक पर गिर रहे एक विशाल पेड़ पर पड़ी। उन्होंने खतरा भांपते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन को पेड़ से कुछ दूरी पर रोक दिया। ट्रेन रोकने के बाद लोको पायलट ने तुरंत इंजन के ऊपर लगे ‘पेंटोग्राफ’ को नीचे कर दिया। पेंटोग्राफ वह उपकरण है जो हाई-टेंशन बिजली के तारों से जुड़कर इंजन को पावर देता है। यदि पायलट यह कदम नहीं उठाते, तो पेड़ के तारों पर गिरने से ओवरहेड बिजली लाइन (OHE) टूटकर ट्रेन पर गिर सकती थी। इससे पूरी ट्रेन में करंट फैलने और एक बड़ा हादसा होने की आशंका थी। जंगल के बीच अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों में कुछ देर के लिए हड़बड़ी मच गई। लेकिन जब उन्हें लोको पायलट की सूझबूझ के बारे में पता चला, तो सभी ने राहत महसूस की। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक से पेड़ हटाया और बिजली सप्लाई सामान्य की। इसके बाद रेल यातायात फिर से शुरू हो सका। स्टेशन मास्टर देवेंद्र कुमार ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक पर गिरे पेड़ को हटाने का काम किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *