इंदौर भाजपा के शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा का कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दिया गया एक बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। मिश्रा ने रविवार को एक कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल को देश का पहला प्रधानमंत्री बता दिया। जबकि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू थे। मिश्रा का यह बयान सोमवार को सामने आया। बयान सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पर हमला करने से पहले भाजपा नेताओं को देश का राजनीतिक इतिहास पढ़ लेना चाहिए। कांग्रेस पर हमला बोला, खुद ही कर बैठे गलती इंदौर में कार्यक्रम के दौरान सुमित मिश्रा कांग्रेस पर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री के तौर पर सरदार वल्लभभाई पटेल का नाम लिया। बयान सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे भाजपा नेताओं के इतिहास के ज्ञान पर सवाल खड़े करने का मौका बना लिया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा नेता लगातार कांग्रेस के इतिहास पर सवाल उठाते हैं, लेकिन खुद देश के इतिहास से जुड़ी बुनियादी जानकारी में गलती कर रहे हैं। कांग्रेस बोली- भाजपा नेताओं को इतिहास का प्रशिक्षण देंगे भाजपा शहर अध्यक्ष के बयान पर कांग्रेस के AICC मीडिया कोऑर्डिनेटर नीलाभ शुक्ला ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा नेताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें देश के राजनीतिक इतिहास की जानकारी देगी। शुक्ला ने कहा कि भाजपा नेताओं को कांग्रेस पर राजनीतिक हमला करने से पहले देश के इतिहास की बुनियादी जानकारी हासिल करनी चाहिए। बयान को मुद्दा बनाने की तैयारी सुमित मिश्रा का बयान ऐसे समय सामने आया है, जब इंदौर में भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज है। कांग्रेस अब इस बयान को सोशल मीडिया और राजनीतिक मंचों पर भाजपा के खिलाफ मुद्दा बनाने की तैयारी में है।

