बिजनौर के नहटौर में क्षेत्रीय विधायक ओमकुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय ‘ओम सेवा सदन’ पर “जनता की सेवा ही मेरा सर्वोच्च दायित्व है” कार्यक्रम के तहत जनता दर्शन एवं जनसुनवाई का आयोजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। विधायक ओमकुमार ने आमजन से आत्मीय मुलाकात कर बिजली, सड़क, पानी, आवास और राजस्व से जुड़े मामलों को गंभीरता से सुना। जनहित से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की चेतावनी देते हुए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को फोन पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के सख्त निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। क्षेत्र की जनता का विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद ही उन्हें निरंतर जनसेवा के पथ पर समर्पित भाव से काम करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

