बिल्हौर में नगर पालिका परिषद के गेट पर गुरुवार दोपहर चेयरमैन मोहम्मद इखलाक खान के साथ मारपीट का मामला सामने आया। चेयरमैन ने नलकूप पर तैनात संविदा चौकीदार संजय सिंह पर पीछे से हमला करने का आरोप लगाया। शोर सुनकर पहुंचे पालिका कर्मचारियों ने चौकीदार को पकड़ लिया। पुलिस उसे थाने ले गई। चौकीदार ने भी चेयरमैन और उनके साथियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। चेयरमैन मोहम्मद इखलाक खान के मुताबिक, वह गुरुवार दोपहर कस्बे में एक शादी समारोह से अपने दोस्त अलीम बेग के साथ बाइक से पालिका कार्यालय जा रहे थे। गेट पर बाइक रुकवाकर वह साफ-सफाई की स्थिति देख रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि संविदा चौकीदार संजय सिंह ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। मारपीट होते देख आसपास मौजूद पालिका कर्मचारी दौड़े और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। चेयरमैन का आरोप- आरोपी के साथियों के पास था तमंचा चेयरमैन ने आरोप लगाया कि चौकीदार के साथ दो से तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। वह मौका पाकर भाग निकले। उनमें से एक के हाथ में तमंचा होने का भी दावा किया गया है। मारपीट के दौरान उनके गले में पड़ी चेन टूटकर कहीं गिर गई। घटना के बाद पालिका परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने चौकीदार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। चौकीदार ने भी लगाए आरोप दूसरी ओर चौकीदार संजय सिंह ने चेयरमैन पर छुट्टी नहीं देने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उसने यह भी बताया कि आज भी पहले वह करवा चौथ पर छुट्टी के लिए वरिष्ठ लिपिक के पास गया था। उन्होंने चेयरमैन के पास जाने के लिए कहा। उनके पास जाने पर वह अभद्रता से बात करने लगे। वहां मौजूद उनके साथियों ने लात घूसों से उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंचे एक पुलिसकर्मी ने उसे बचाया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि- मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

