ललितपुर में 13 वर्षीय किशोरी से करीब चार महीने पहले दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया है। किशोरी के गर्भवती होने के बाद उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद शनिवार को किशोरी की मां ने कोतवाली सदर में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। घर में अकेली थी किशोरी, आरोपी पर घुसकर दुष्कर्म का आरोप पुलिस के मुताबिक, कोतवाली सदर क्षेत्र के एक गांव की महिला ने 5 सितंबर को तहरीर देकर बताया कि करीब चार महीने पहले उसकी 13 वर्षीय बेटी घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही 25 वर्षीय युवक घर में घुस आया। आरोप है कि युवक के साथ उसका एक साथी भी था, जो घर के बाहर निगरानी कर रहा था। महिला का आरोप है कि युवक ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण किशोरी ने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी।
पेट बढ़ने पर पूछताछ की तो सामने आई घटना परिजनों के अनुसार, कुछ समय बाद किशोरी का पेट बढ़ने लगा। इस पर परिजनों ने उससे पूछताछ की। किशोरी ने 24 अगस्त को अपनी मां को घटना की जानकारी दी और बताया कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई। महिला का आरोप है कि जब वह अपने पति और बेटी के साथ मामले की शिकायत करने पहुंची तो आरोपी, उसके दोस्त और परिजनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शनिवार को दर्ज हुई FIR, रविवार को आरोपी गिरफ्तार पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार दोपहर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। रविवार को कोतवाली सदर में तैनात उपनिरीक्षक देवराज मौर्य और अजय कुमार की टीम ने आरोपी 25 वर्षीय शिशुपाल अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे शाम को न्यायालय में पेश किया। सीओ बोले- आरोपी गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

