भाजपा संविधान से नहीं चल रही, सौहार्द विरोधी है:अखिलेश बोले- सच्चा हिंदू दूसरे धर्म का अपमान नहीं करता

भाजपा संविधान से नहीं चल रही, सौहार्द विरोधी है:अखिलेश बोले- सच्चा हिंदू दूसरे धर्म का अपमान नहीं करता

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को औरैया के एक दिवसीय दौरे पर बिधूना पहुंचे। यहां मीडिया से बात करते हुए उन्होंने सहारनपुर में मस्जिद गिराने की कार्रवाई पर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संविधान और कानून से नहीं चल रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नौकरी-रोजगार नहीं दे पा रही है। महंगाई नहीं घट रही। कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। निवेश नहीं आ रहा, इसीलिए सहारनपुर में मस्जिद गिरा दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सौहार्द विरोधी है। अखिलेश ने कहा कि जिन लोगों ने सहारनपुर में मस्जिद गिराया है और जो लोग गिराने में शामिल हैं कानून उन्हें सजा देगा। अगर किसी को दूसरे कोर्ट में जाने का मौका नहीं देंगे और 12 घंटे में कार्रवाई कर देंगे तो न्याय कैसे मिलेगा? सहारनपुर में मस्जिद गिराने की क्या जल्दी थी? अगर मस्जिद के पक्षकार न्याय के लिए हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट चले जाते तो क्या दिक्कत हो जाती? उन्होंने कहा कि प्रशासन के मस्जिद गिराने से लोग दुखी हैं, चुप हैं। यही लोग मिलकर सांप्रदायिक भाजपा को हटाने का काम करेंगे। सच्चा सनातनी दूसरे धर्म का अपमान नहीं करता अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जब बनी थी तो अपने को सेकुलर दिखाने के लिए पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रस्तावक मुस्लिम बनाया था। सबसे ज्यादा चंदा भी मुस्लिम लोगों से लिया था। उन्होंने कहा कि हमारा समाज तब मजबूत होगा, जब दूसरे धर्म का सम्मान करेंगे। सच्चा सनातनी, सच्चा संत और सच्चा हिंदू कभी दूसरे धर्म का अपमान नहीं कर सकता। दूसरे की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचा सकता। हमारी परंपराओं में वसुधैव कुटुंबकम का भाव रहा है। प्रधानमंत्री जी दूसरे देश में जाते हैं तो वसुधैव कुटुंबकम की बात करते हैं। वहीं भाजपा अपने देश और प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द खराब करने का काम करती है। GDP के आंकड़ों पर सवाल अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार GDP के सही आंकड़े नहीं बता रही है। आज बेरोजगारी है, नौकरी नहीं मिल रही। डीजल-पेट्रोल महंगा है। पेट्रोल में मिलावट करनी पड़ रही है। चीनी के दाम बढ़ गए हैं। सरकार कोई सुधार नहीं कर पा रही, इसका मतलब है कि जो GDP बता रही है वह सही नहीं है। लगता है GDP शून्य है। तावड़े पर तंज, 4M का जिक्र भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े को लेकर सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा कि पराया धन कैसे अपना बनाया जाता है, यह भाजपा से अच्छा कोई नहीं जानता। लोगों ने भाजपा के प्रभारी का वीडियो देखा होगा, वीडियो का क्या कारण है यह पता नहीं। उन्होंने कहा कि खबर चल रही है कि कई राजनीतिक दलों के खाते में कई सौ करोड़ रुपये आए हैं, जिनका कोई लेना-देना नहीं है। सब पराया धन वाले लोग हैं। ये भाजपा के पाले हुए लोग हैं। 60 प्रतिशत तक चल रहा कमीशन अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में बेटियों के साथ सबसे ज्यादा घटनाएं हो रही हैं। बलात्कार हो रहा है, महिलाएं अपमानित हो रही हैं। कई जगह पुलिस खुद अपराध में शामिल है। ताल ग्राम में 26 किलो सोना पकड़ा गया, लेकिन पूरा नहीं दिखाया गया। भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था सबसे ज्यादा खराब है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का गठबंधन उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने जा रहा है। अब भाजपा सरकार के सौ दिन से ज्यादा नहीं बचे हैं। इसलिए भाजपा के लोग अपना सामान समेट रहे हैं, पेमेंट हो रहे हैं, जेबें भरी जा रही हैं। 60 प्रतिशत तक कमीशन चल रहा है। भाजपा एआई से गंदगी न फैलाए अखिलेश ने कहा कि भाजपा निम्नतम स्तर पर पहुंचकर AI का खेल खेल रही है। अगर भाजपा ऐसा करेगी तो समाजवादी पार्टी AI के माध्यम से उनका इलाज कर देगी। AI अच्छाई के लिए होना चाहिए, बुराई के लिए नहीं। भाजपा AI से गंदगी न फैलाए। भाजपा एक वीडियो बनाएगी तो विपक्ष चार वीडियो बनाएगा। अगर भाजपा दूसरों पर कीचड़ उछालेगी तो सबसे पहले उसका हाथ गंदा होगा। राम-कृष्ण एक, फिर भी मंदिर में चोरी? एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि जो राम हैं, वही कृष्ण हैं। इनमें कहीं भेद नहीं है। लेकिन जब प्रभु श्रीराम के मंदिर में चोरी हुई तो बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के बनाए संविधान और कानून का सहारा लेना पड़ रहा है। चोर पकड़े गए। चोरों पर कार्रवाई संविधान और कानून के तहत हो रही है। उन्होंने कहा कि मंदिर के बाहर बैठा भिखारी भी मंदिर में चोरी नहीं करता, लेकिन भाजपा के लोगों ने प्रभु श्रीराम के मंदिर का धन चोरी कर लिया। चढ़ावा और चंदा चोरी कर लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *