महिलाओं ने अवैध शराब से भरी बोलेरो रोकी:गुस्से में सड़क पर फोड़ीं बोतलें VIDEO; पुलिस ने 4 लोगों पर की कार्रवाई

महिलाओं ने अवैध शराब से भरी बोलेरो रोकी:गुस्से में सड़क पर फोड़ीं बोतलें VIDEO; पुलिस ने 4 लोगों पर की कार्रवाई

कटनी जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ ग्रामीणों, खासकर महिलाओं का विरोध बढ़ता जा रहा है। शनिवार को उमरियापान थाना क्षेत्र के घुघरा गांव में ग्रामीणों ने शराब ले जा रही एक बोलेरो गाड़ी को घेर लिया। महिलाओं और ग्रामीणों ने गाड़ी में रखी शराब की पेटियां निकालकर बोतलें सड़क पर फोड़ दीं। घटना का वीडियो शनिवार देर रात सामने आया। शराब की गाड़ी रोकने पर हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने शराब ठेकेदारों की बोलेरो को रोक लिया था। इसके बाद शराब दुकान के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। महिलाओं ने शराब का विरोध करते हुए गाड़ी में रखी बोतलें निकालकर सड़क पर फेंक दीं और उन्हें नष्ट कर दिया। अवैध बिक्री से युवा पीढ़ी प्रभावित होने का आरोप ग्रामीणों का आरोप है कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध शराब बेची जा रही है। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है और युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें खुद सड़क पर उतरना पड़ा। विधायक ने भी एसपी को लिखा था पत्र कटनी जिले में अवैध शराब बिक्री का मुद्दा पहले भी सामने आता रहा है। हाल ही में बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने एसपी अभिनय विश्वकर्मा को पत्र लिखकर अपने विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने 4 लोगों पर की कार्रवाई एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि घुघरा में घटना की सूचना मिलते ही उमरियापान थाना पुलिस को मौके पर भेजा गया था। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण गाड़ी से शराब निकालकर नष्ट कर चुके थे। उन्होंने बताया कि जिस पेकारी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है, उसके खिलाफ पुलिस पहले भी वैधानिक कार्रवाई कर चुकी है। शनिवार की घटना के बाद पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *