शामली में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर शिव बलभद्र मंदिर कमेटी ने शनिवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली। बैंड-बाजों की मधुर धुन और आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। शोभायात्रा जिस भी बाजार और रास्ते से गुजरी, वहां लोगों और व्यापारियों ने फूलों की बारिश कर जोरदार स्वागत किया। कई जगहों पर प्रसाद भी बांटा गया। शोभायात्रा का शुभारंभ सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने किया। यह बुढ़ाना रोड से शुरू हुई और रोडवेज बस अड्डा, अजंता चौक, विजय चौक, फव्वारा चौक, इंटर कॉलेज, वर्मा मार्केट और अग्रसेन पार्क से होते हुए अस्पताल रोड पहुंची। आखिर में शोभायात्रा शिव बलभद्र मंदिर पहुंचकर खत्म हुई। शोभायात्रा में श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी सबसे खास आकर्षण रही। झांकी के दर्शन के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बाजारों में जगह-जगह लोगों की भीड़ लगी रही। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया, भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और फूलों की बारिश की। शोभायात्रा के दौरान धार्मिक गीत और बैंड की धुन से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कई जगहों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद का इंतजाम किया गया था। युवाओं और बच्चों में भी शोभायात्रा को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। इस कार्यक्रम में शिव बलभद्र मंदिर समिति के अध्यक्ष संदीप संगल, सचिव अमित बंसल और कोषाध्यक्ष राजीव जट राणा समेत समिति के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। जन्मोत्सव के मौके पर मंदिर परिसर में भी खास धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

