इंदौर के अलग-अलग वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इसके जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायत सामने आने के बाद जिम्मेदार संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है। (आमजन से जुड़ी जनसमस्याएं और शहर की जमीनी हकीकत पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें…) वार्ड 11 के पार्षद कमल बघेला बने आज के ‘पब्लिक स्टार’ वार्ड 11 के भागीरथपुरा निवासी सचिन तिवारी ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पिछले चार महीने से नर्मदा पाइपलाइन का काम अधूरा पड़ा है। सड़क पर किए गए गड्ढों के कारण रहवासियों, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। शिकायत सामने आने के बाद आज के ‘पब्लिक स्टार’ पार्षद कमल बघेला ने मामले पर संज्ञान लिया और समस्या का समाधान कराया। एप से लोगों को मिल रहा समाधान वल्लभ नगर: ड्रेनेज लाइन की समस्या हुई दूर वार्ड 47 के वल्लभ नगर निवासी अशित राजकोटिया ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत पोस्ट की थी। उन्होंने बताया कि मुख्य ड्रेनेज लाइन करीब 1 महीने से खराब थी। इसके कारण गंदा पानी घरों में आने की समस्या बनी हुई थी। शिकायत सामने आने के बाद वार्ड 47 के पार्षद नंदकिशोर पहाड़िया ने मामले पर संज्ञान लिया और समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई कराई। खराब सड़क, बंद स्ट्रीट लाइट और गंदगी से परेशान शहरवासी सत्यम कॉलोनी: गड्ढों से बदहाल सड़क, हादसों का खतरा वार्ड 74 के सत्यम कॉलोनी निवासी रूपेश हार्डिया ने शिकायत दर्ज कराई है कि क्षेत्र की सड़क बेहद खराब है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और आवाजाही में भी राहवासियों को परेशानी हो रही हैं। शिकायतकर्ता ने जल्द सड़क सुधार की मांग की है। विज्ञान नगर: एक महीने से बंद स्ट्रीट लाइट, अंधेरे में कॉलोनी वार्ड 80 के विज्ञान नगर निवासी प्रशांत ने शिकायत दर्ज कराई है कि सर्विस रोड पर लगे दोनों पोल की स्ट्रीट लाइट करीब एक महीने से बंद हैं। इससे रात में लोगों को परेशानी हो रही है। हादसे का भी खतरा बढ़ गया हैं। शिकायतकर्ता ने जल्द स्ट्रीट लाइट चालू कराने की मांग की हैं। पार्श्वनाथ नगर: 25 साल से गंदगी और नाली की समस्या वार्ड 72 के पार्श्वनाथ नगर निवासी डॉ. सपना जैन दबाड़े ने शिकायत दर्ज कराई है कि घर के पास लंबे समय से गंदगी, नाली और चूहों की समस्या बनी हुई है। शिकायतकर्ता के अनुसार कई बार शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि परिवार को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ा है। उषागंज: खुली डीपी से बढ़ा हादसे का खतरा वार्ड 55 के उषागंज निवासी फैजान ने शिकायत दर्ज कराई है कि बिजली डीपी में गेट नहीं लगा है और तार खुले हुए हैं। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है। शिकायतकर्ता ने डीपी पर गेट लगवाने की मांग की है। पब्लिक को आवाज देने का डिजिटल प्लेटफॉर्म दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की सिविक समस्याएं सीधे पोस्ट कर सकते हैं। शिकायत संबंधित विभाग और जिम्मेदारों तक पहुंचती है। समाधान होने पर यूजर इसकी जानकारी एप पर अपडेट कर सकते हैं। अधिकारी भी बता सकेंगे, क्या कार्रवाई की संबंधित अधिकारी शिकायत की लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं और समाधान होने के बाद एप पर इसकी जानकारी साझा कर सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ बदलाव की पहल ‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य शहर की जनसमस्याओं को सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाना है, ताकि समस्याओं के समाधान में तेजी आए और आमजन को राहत मिल सके।

