नीमच के ग्वालटोली इलाके में एक 35 साल के ऑटो चालक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह जब उसकी भाभी चाय देने कमरे पर पहुंची तो घटना का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। मृतक की पहचान संजय (35) पिता ताराचंद्र ग्वाला के रूप में हुई है। वह ग्वालटोली का रहने वाला था। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि संजय ऑटो चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था। रोज की तरह गुरुवार रात भी वह ऑटो चलाकर देर से घर लौटा था। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया था। दरवाजा खटखटाने पर जवाब नहीं दिया था शुक्रवार सुबह जब उसकी भाभी उसे चाय देने कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इस पर परिजनों को कुछ गलत होने की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत कैंट थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों की मौजूदगी में कमरा खोला। कमरे के अंदर संजय फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल पुलिस चौकी की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। कैंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी पता नहीं चला है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

