नरेला जिम के बाहर सोनीपत के प्रॉपर्टी डीलर का मर्डर:बदमाशों ने 8 से 10 राउंड फायरिंग की; जिम करने आया था, भाई डेडबॉडी के सामने धरने पर बैठा

नरेला जिम के बाहर सोनीपत के प्रॉपर्टी डीलर का मर्डर:बदमाशों ने 8 से 10 राउंड फायरिंग की; जिम करने आया था, भाई डेडबॉडी के सामने धरने पर बैठा

दिल्ली के नरेला-बाकनेर इलाके में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सोनीपत के गांव नाहरी निवासी प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद की जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रमोद रोजाना की तरह सुबह अपने गांव से नरेला स्थित जिम में एक्सरसाइज करने के लिए पहुंचा था। बताया जा रहा है कि बदमाश पहले से ही वारदात को अंजाम देने के लिए घात लगाकर बैठे हुए थे। जैसे ही प्रमोद जिम के गेट पर पहुंचा और अंदर जाने लगा, बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। मौके पर करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। गोली लगने से प्रमोद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। फिलहाल शव मौके पर पड़ा हुआ है और पुलिस उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजने की कार्रवाई कर रही है। जिम के गेट पर पहुंचते ही बदमाशों ने बरसाईं गोलियां मिली जानकारी के अनुसार वारदात सुबह करीब 7 बजे की है। गांव नाहरी निवासी प्रमोद सुबह अपने घर से बाकनेर, नरेला स्थित द जिम में एक्सरसाइज करने के लिए पहुंचा था। जैसे ही वह बाकनेर में स्थित द जिम के गेट पर एंट्री करने लगा, इसी दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बदमाशों ने करीब 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं और प्रमोद को मौत के घाट उतारने के बाद मौके से फरार हो गए। लंबे समय से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था प्रमोद बताया जा रहा है कि प्रमोद पिछले लंबे समय से प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार से जुड़ा हुआ था। गांव नाहरी में ही उसका प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्यालय बताया जा रहा है। इसके अलावा गांव में मुकुल प्रॉपर्टी और बैंक्वेट हॉल भी संचालित किया जा रहा है। यह कारोबार उसके छोटे भाई मुकुल के नाम से चलने की जानकारी सामने आई है। रंगदारी के लिए लगातार मिल रहे थे कॉल पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद को पिछले कुछ दिनों से लगातार रंगदारी के लिए धमकी भरे कॉल आ रहे थे। कॉल करने वाले उससे मोटी रकम की मांग कर रहे थे। रकम नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। इन धमकियों के बाद प्रमोद ने अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी थी। पुलिस अब रंगदारी की धमकियों और हत्या के बीच कनेक्शन को भी जांच रही है। बुलेटप्रूफ गाड़ी से आने-जाने लगा था प्रमोद धमकी मिलने के बाद प्रमोद अपने एक दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी में आने-जाने लगा था। इसके बावजूद हमलावरों ने उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपियों को प्रमोद के जिम जाने के समय और उसकी गतिविधियों की जानकारी थी। इसी के चलते जिम के बाहर उसे निशाना बनाया गया। भाई ने डेड बॉडी के सामने बैठकर जताया आक्रोश प्रमोद की हत्या के बाद घटनास्थल पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस दौरान मृतक का भाई डेड बॉडी के सामने बैठ गया और हत्या करने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाई ने कहा कि जिस तरह उसके भाई की हत्या की गई है, उसी तरह आरोपियों का भी एनकाउंटर होना चाहिए। ग्रामीणों को समझाने में जुटा पुलिस प्रशासन घटना के बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया। पुलिस प्रशासन और ग्रामीण परिजनों को समझाने में जुटे रहे। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर संभावित एंगल खंगाला जा रहा है। पुलिस ने शुरू की बदमाशों की तलाश वारदात की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजनों का बयान अभी सामने नहीं आया वारदात की सूचना मिलने के बाद प्रमोद के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार में घटना के बाद मातम का माहौल है। फिलहाल परिजनों की ओर से हत्या को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही हत्या के कारण और आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *