फिरोजाबाद में पेड़ से लटका मिला युवक का शव:2 साल पहले बच्चों को लेकर चली गई थी पत्नी, रात भर तलाशते रहे परिजन

फिरोजाबाद में पेड़ से लटका मिला युवक का शव:2 साल पहले बच्चों को लेकर चली गई थी पत्नी, रात भर तलाशते रहे परिजन

फिरोजाबाद के नगला सिंघी थाना क्षेत्र के ठार वल्दी गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव यज्ञशाला के पास बबूल के पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गांव के ही 30 वर्षीय पंकज पुत्र पंचम सिंह के रूप में हुई है। वह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार के मुताबिक, पंकज काफी समय से मानसिक तनाव में था। मंगलवार रात करीब 11 बजे वह अपने पिता से शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार सुबह करीब 10 बजे पंकज का भतीजा यज्ञशाला की ओर गया, जहां उसने पंकज को बबूल के पेड़ पर फंदे से लटका देखा। उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। बताया गया है कि पंकज की पत्नी पूनम करीब दो साल पहले अपने दो बच्चों को लेकर किसी और व्यक्ति के साथ चली गई थी। इसके बाद से पंकज अपने माता-पिता के साथ रह रहा था और इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। बेटे की मौत के बाद मां मुन्नी देवी और पिता पंचम सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *