भास्कर न्यूज |लुधियाना ग्रीन लैंड सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, जालंधर बाईपास के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया। केवीएम स्कूल में आयोजित पंजाब स्कूल्स जिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता में पीएयू जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए स्कूल की अंडर-17 लड़कियों की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। टीम में गार्गी टंडन, रिधिमा, हिमानी और दृष्टि पटियाल शामिल रहीं। गार्गी टंडन का चयन पंजाब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लुधियाना जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ। मल्टीपर्पस स्कूल में आयोजित जिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में अंडर-19 लड़कियों की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। टीम में रोजबिन ग्रेवाल और सहजप्रीत शामिल रहीं। वहीं, जगेरा मंडी अहमदगढ़ के पास सरकारी स्मार्ट स्कूल में हुई जिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पीएयू जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए अंडर-17 लड़कों की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। टीम में लवनीश शर्मा, शिवम शर्मा और गुरप्रीत नार शामिल रहे। लवनीश शर्मा का चयन पंजाब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। ऑक्सफोर्ड सीनियर स्कूल, पायल में हुई जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग में आर्यवीर सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। स्कूल चेयरमैन डॉ. राजेश रुद्रा और प्रिंसिपल बलदीप पंधेर ने खिलाड़ियों और कोच हरजीत सिंह जॉली, अजय प्रकाश, रवि व रविषेक को उपलब्धियों पर बधाई दी।

