Meerut Farmers Mahapanchayat: उत्तर प्रदेश के मेरठ में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (BKU) की एक विशाल महापंचायत आयोजित की गई। अपनी लंबित मांगों को लेकर तीनों तहसीलों से करीब 1000 किसान ट्रैक्टर ट्रॉलियों में सवार होकर कमिश्नरी परिसर पहुंचे। कमिश्नरी के चारों तरफ 100 से ज्यादा ट्रैक्टर ट्रॉलियां खड़ी कर दी गईं। किसानों ने कमिश्नरी चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए घेराव किया।
समस्याओं के समाधान तक चलेगा अनिश्चितकालीन धरना
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने महापंचायत को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने किसानों से कहा कि जब तक आपकी समस्याओं का समाधान नहीं होता आप लोग यहीं रुकिए। टिकैत के इतना कहते ही किसानों ने पंचायत को अनिश्चितकालीन धरने में बदलने की घोषणा कर दी। हजारों किसानों के लिए संगठन की ओर से भंडारे की व्यवस्था की गई है। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने सोमवार को ही जिले के कई गांवों में बैठक कर किसानों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की थी।
RSS और सरकार पर टिकैत का तंज
मंच से भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि अब उसी बच्चे को नौकरी मिलेगी जिसके परिवार ने RSS की ट्रेनिंग ली होगी। उन्होंने कहा कि हमने शिक्षकों का एक प्रकोष्ठ बना रखा है लेकिन कुछ अधिकारी कहते हैं कि आपका रजिस्ट्रेशन नहीं है। इस पर टिकैत ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या RSS का कोई रजिस्ट्रेशन है? उन्होंने सरकार पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार विरोधियों के पर्चे कैंसिल कराती है और अपने उम्मीदवारों को निर्विरोध जितवाती है।
2027 चुनाव और जयंत चौधरी पर कही ये बात
आगामी यूपी चुनाव को लेकर राकेश टिकैत ने किसानों से कहा कि 2027 के चुनाव में जिसे जहां वोट देना है दे लेकिन आंदोलन में किसानों की एकजुटता बनी रहनी चाहिए। जब उनसे रालोद प्रमुख जयंत चौधरी को लेकर सवाल पूछा गया तो वह भड़क गए। टिकैत ने कहा कि एक ही व्यक्ति को लेकर बार-बार सवाल क्यों किए जा रहे हैं? जब जयंत को कृषि मंत्रालय मिल जाएगा तब हम उनसे सवाल पूछेंगे।
व्यापारियों का किया समर्थन
राकेश टिकैत ने मेरठ के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट प्रकरण का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों की दुकानें तोड़कर उनका व्यापार खत्म कर रही है। किसान और व्यापारी एकजुट हैं और हम उनका पूरा समर्थन करेंगे। इसके बाद राकेश टिकैत कमिश्नरी पार्क में धरने पर बैठे रवि गौतम से मिलने भी पहुंचे और पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने अधिकारियों को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि सुन लें अधिकारी जैसे आपने हाल ही में कुछ लोगों को पीटा वैसी घटना हमारे लोगों के साथ भूलकर भी मत कर देना। वरना यहां कमिश्नरी में ईंट की कोई दीवार नहीं मिलेगी इसे पूरा मैदान बना दिया जाएगा।

