Ankit Baliyan Murder Case Update: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो शूटर्स को शामली पुलिस ने सोमवार तड़के हुए एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में सुमित और मोहित मारे गए। एनकाउंटर के बाद अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया है। साथ ही उन्होंने इस कार्रवाई पर सवाल उठाने वाले सपा नेताओं रामगोपाल यादव और अवधेश प्रसाद पर भी प्रतिक्रिया दी है।
एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों को सीमा का जवाब
मीडिया से बातचीत में सीमा बालियान ने कहा कि जब पहले कार्रवाई नहीं हुई थी, तब सवाल उठाए जा रहे थे कि कुछ नहीं हो रहा है। अब जब पुलिस ने कार्रवाई की है तो एनकाउंटर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी के घर के बच्चे को पीछे से धोखे से सिर में गोली मार दी जाए, तो क्या तब भी वे एनकाउंटर नहीं होने की बात कहेंगे। सीमा ने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्व समाज में रहकर क्या करेंगे, जो नुकसान ही कर सकते हैं।
‘हमारा तो घर उजड़ गया’
अंकित की पत्नी ने कहा कि इस एनकाउंटर को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उनके मुताबिक विपक्ष के पास कई दूसरे मुद्दे भी हैं। सीमा ने कहा, “हमारा तो घर उजड़ गया।” उन्होंने बताया कि एनकाउंटर के दौरान करीब 20 राउंड गोलियां चलीं और इसमें पुलिसकर्मियों को भी गोली लग सकती थी।
सीएम योगी से मिलने का मांगा समय
सीमा बालियान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का समय भी मांगा है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के दर्द से जुड़ी कुछ ऐसी बातें हैं, जिन्हें वह मुख्यमंत्री से मिलकर बताना चाहती हैं। सीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके परिवार को अपना परिवार समझा है और अंकित बालियान को अपना बेटा मानकर कार्रवाई करवाई है। उन्होंने इसी आधार पर मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय देने की मांग की।
अंकित के पिता ने भी विपक्ष पर जताई नाराजगी
अंकित बालियान के पिता सत्यवीर ने भी एनकाउंटर को लेकर सपा नेताओं की ओर से लगाए गए आरोपों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उनके मामले में विपक्ष को बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। सत्यवीर ने स्पष्ट किया कि उनका परिवार किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ा हुआ नहीं है।
‘एनकाउंटर फर्जी नहीं, असली है’
सत्यवीर ने एनकाउंटर को फर्जी बताए जाने के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि यह एनकाउंटर फर्जी नहीं बल्कि असली है और वह खुद घटनास्थल पर जाकर आए हैं। अंकित के पिता ने दावा किया कि एनकाउंटर में मारे गए सुमित और मोहित ने ही अंकित बालियान पर गोली चलाई थी।
अवधेश प्रसाद ने की थी उच्चस्तरीय जांच की मांग
दरअसल, अंकित बालियान हत्याकांड में दो कथित शूटर्स के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद इस कार्रवाई पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने एनकाउंटर की उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। उन्होंने इस कार्रवाई की जांच कराए जाने की बात कही।
रामगोपाल यादव ने भी उठाए सवाल
वहीं, सपा नेता रामगोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी में हत्याओं और फर्जी एनकाउंटर के जरिए लोगों को गोली मारने के अलावा कुछ नहीं हो रहा है। इन बयानों के बाद अंकित बालियान की पत्नी सीमा और उनके पिता सत्यवीर ने एनकाउंटर का बचाव करते हुए सपा नेताओं की बयानबाजी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने सपा नेताओं को जवाब देते हुए कहा, ”अगर आपके बच्चों को मारा जाता तो भी एनकाउंटर पर सवाल उठाते? ”
अंकित हत्याकांड में आगे भी जांच जारी
अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले की जांच आगे भी जारी है। एनकाउंटर में मारे गए दोनों आरोपियों को लेकर पुलिस की ओर से सामने आई जानकारी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।


(@ArunAzadchahal)