बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार अपने परिवार और करीब 200 कार्यकर्ताओं के साथ अयोध्या पहुंचे। श्रीरामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद उन्होंने दूसरे दिन अमावा राम मंदिर में दर्शन किए। यहां उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित पद्मश्री आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। मंदिर व्यवस्थापक पंकज कुमार की अगुवाई में प्रेम कुमार ने मंदिर में स्थापित देवी-देवताओं के दर्शन किए। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए चल रही निशुल्क राम रसोई का अवलोकन किया और प्रसाद भी ग्रहण किया। बोले- आचार्य किशोर कुणाल के प्रयासों से बना आस्था का केंद्र प्रेम कुमार ने कहा कि आचार्य किशोर कुणाल महान व्यक्तित्व थे। उन्होंने कहा- आचार्य जी स्वयं हनुमान जी के अंशावतार थे। आज वे हमारे बीच देह रूप में मौजूद नहीं हैं, लेकिन परोपकार के अनेक कार्यों के कारण अमर हैं। उन्होंने कहा कि आचार्य किशोर कुणाल के नेतृत्व में अमावा राम मंदिर आस्था का केंद्र बन चुका है। यहां प्रतिदिन देश-विदेश से 10 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन करने और राम रसोई का प्रसाद ग्रहण करने पहुंचते हैं। मंदिर आकर उन्हें सुखद अनुभूति हुई और वे गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। राम रसोई का प्रसाद ग्रहण किया मंदिर प्रबंधक पंकज कुमार ने बताया कि दौरे के अंत में प्रेम कुमार ने आचार्य किशोर कुणाल अमर रहें का जयघोष किया और अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

