भारतीय डाक विभाग ने इस वर्ष ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता और ‘दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना’ के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। ‘ढाई आखर’ प्रतियोगिता में छात्र और आम नागरिक हिस्सा ले सकते हैं, जबकि ‘दीनदयाल स्पर्श’ योजना कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए है। ‘धरती माँ के नाम पत्र’ विषय पर होगी प्रतियोगिता उप डाकपाल अरविंद जोशी ने बताया कि इस वर्ष ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता का विषय ‘धरती माँ के नाम पत्र: प्रकृति की रक्षा मेरा संकल्प’ रखा गया है। प्रतियोगिता में दो श्रेणियां होंगी। पहली श्रेणी में 18 वर्ष तक के विद्यार्थी और नागरिक और दूसरी में 18 वर्ष से अधिक उम्र के विद्यार्थी और नागरिक शामिल हो सकते हैं। पत्र हस्तलिखित होना चाहिए। इसे हिंदी, अंग्रेजी या क्षेत्रीय भाषा में लिखा जा सकता है। अंतरदेशी पत्र में अधिकतम 500 शब्द और लिफाफे में ए-4 पेपर पर अधिकतम 1000 शब्द लिखे जा सकते हैं। प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर है। राज्य स्तर पर 25 हजार तक पुरस्कार दोनों श्रेणियों से सर्वश्रेष्ठ तीन-तीन प्रविष्टियों को राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा और राष्ट्रीय स्तर के चयन के लिए भेजा जाएगा। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 25 हजार, द्वितीय 10 हजार और तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपए है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार 50 हजार, द्वितीय 25 हजार और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपए दिया जाएगा। कक्षा 6 से 9 के छात्रों को 6 हजार की छात्रवृत्ति ‘दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना’ का उद्देश्य स्कूली बच्चों में डाक टिकट संग्रह के प्रति रुचि बढ़ाना है। योजना के तहत कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों को हर साल 6 हजार रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी। योजना में शामिल होने के लिए छात्र का किसी भी डाकघर में फिलाटेली खाता होना जरूरी है। यह खाता 200 रुपए जमा करके खोला जा सकता है। स्कूल के प्राचार्य 500 रुपए में स्कूल का फिलाटेली क्लब खाता भी खोल सकते हैं। इसके जरिए सभी या चयनित विद्यार्थियों को योजना में शामिल किया जा सकता है। 30 सितंबर को होगी लिखित परीक्षा छात्रवृत्ति के लिए चयन 30 सितंबर 2026 को होने वाली लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। परीक्षा में सामान्य ज्ञान और फिलाटेली से जुड़े 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा निशुल्क होगी। चयनित विद्यार्थियों को 6 हजार रुपए सालाना छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसका भुगतान 1500 रुपए की तिमाही किस्त में डाकघर बचत खाते के माध्यम से होगा। योजना के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर है।

