अधूरी सड़क और शिक्षकों की कमी को लेकर चक्काजाम:राजनांदगांव के गठुला चौक पर 3 घंटे प्रदर्शन, स्टेट हाईवे पर वाहनों की लगी लंबी कतार

अधूरी सड़क और शिक्षकों की कमी को लेकर चक्काजाम:राजनांदगांव के गठुला चौक पर 3 घंटे प्रदर्शन, स्टेट हाईवे पर वाहनों की लगी लंबी कतार

राजनांदगांव के खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम गठुला में रविवार को ग्रामीणों और स्कूली छात्रों ने चक्काजाम कर दिया। तुमड़ीलेवा, भाठागांव और भेड़ीकला गांवों के सैकड़ों लोग सड़क निर्माण अधूरा रहने और स्कूल में शिक्षकों की कमी से नाराज थे। ग्रामीणों ने सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक गठुला चौक पर सड़क पर पौधे रोपकर और नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। चक्काजाम के कारण स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। ग्रामीणों के अनुसार, गठुला से भेड़ीकला, भाठागांव और तुमड़ीलेवा होते हुए बघेरा तक 3,200 मीटर सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत मार्च-अप्रैल 2026 में शुरू हुआ था। सड़क निर्माण की लागत करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपए है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने काम बीच में ही अधूरा छोड़ दिया। बारिश में कीचड़ और गड्ढों से बढ़ी परेशानी सड़क अधूरी होने के कारण बारिश में मार्ग की स्थिति खराब हो गई है। सड़क पर कीचड़ और गहरे गड्ढे हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल में शिक्षकों की कमी से छात्र परेशान ग्रामीणों के विरोध का दूसरा प्रमुख कारण शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भेड़ीकला में शिक्षकों की कमी है। स्कूल में कई पद रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों और ग्रामीणों ने जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की। मौके पर पहुंचे महापौर, अधिकारियों को दिए निर्देश चक्काजाम की सूचना मिलते ही महापौर मधुसूदन यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। महापौर ने मौके से ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और सड़क की समस्या का जल्द समाधान करने को कहा। तीन दिन में गड्ढे भरने का आश्वासन महापौर ने आश्वासन दिया कि सड़क के गड्ढों को अगले तीन दिनों के भीतर मुरुम और गिट्टी डालकर समतल किया जाएगा। बारिश खत्म होने के बाद सड़क पर डामरीकरण का काम पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए। सात दिन में वैकल्पिक शिक्षकों की व्यवस्था का भरोसा शिक्षकों की कमी को लेकर महापौर ने कहा कि वह स्वयं भेड़ीकला स्कूल पहुंचकर छात्रों और स्टाफ से मुलाकात करेंगे। उन्होंने सात दिनों के भीतर वैकल्पिक शिक्षकों की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन महापौर के आश्वासन और अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। इसके बाद करीब तीन घंटे से बाधित स्टेट हाईवे पर यातायात फिर से बहाल हो गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *