करवा चौथ पर पतियों को हेलमेट दिए, पत्नियों से पहनवाए:हरदा में पुलिस ने दोबारा बिना हेलमेट बाइक न चलाने की शपथ दिलाई

करवा चौथ पर पतियों को हेलमेट दिए, पत्नियों से पहनवाए:हरदा में पुलिस ने दोबारा बिना हेलमेट बाइक न चलाने की शपथ दिलाई

हरदा में करवा चौथ पर ट्रैफिक पुलिस ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे पतियों को 30 हेलमेट दिए। उनकी पत्नियों ने उन्हें हेलमेट पहनाए और दोबारा बिना हेलमेट वाहन न चलाने की शपथ दिलाई। सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस ने यह अभियान चलाया। सड़क से गुजर रहे जोड़ों को रोककर महिलाओं के हाथों उनके पतियों को मुफ्त हेलमेट दिए गए। पुलिस और परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल जनवरी से अक्टूबर तक जिले में 100 से ज्यादा सड़क हादसे हुए। इनमें 20 से ज्यादा लोगों की मौत हुई। हालांकि अभी तक ये स्पष्ट नहीं कि इन 20 लोगों ने हेलमेट पहने थे या नहीं। सड़क से गुजर रहीं एशवी शर्मा ने कहा कि सड़क हादसों की खबरें सुनकर उन्हें घर के सदस्यों की सुरक्षा की चिंता रहती है। उन्होंने कहा कि इस करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र की कामना के साथ उन्हें सुरक्षित रहने का संकल्प भी दिलाया। एशवी ने ट्रैफिक पुलिस के अभियान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पति जब भी दोपहिया वाहन से घर से बाहर जाएंगे, वह उन्हें हेलमेट पहनाकर भेजेंगी। खेड़ीपुरा की सीमा बामने ने कहा कि छोटी-सी लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए और सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना जरूरी है। एसडीपीओ शालिनी परस्ते ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए महिलाओं के जरिए उनके पतियों को हेलमेट दिए गए। उन्होंने बताया कि करवा चौथ पर महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं, इसलिए यह पहल की गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *