रंगदारी के विवाद में युवक पर चाकू से हमला,:गोंडा में 3 नामजद समेत 18 पर FIR, पीठ और शरीर पर किए वार

रंगदारी के विवाद में युवक पर चाकू से हमला,:गोंडा में 3 नामजद समेत 18 पर FIR, पीठ और शरीर पर किए वार

गोंडा के नगर कोतवाली क्षेत्र में रंगदारी के विवाद को लेकर युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन नामजद और 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। भुतहा तालाब के गरीबी पुरवा निवासी आदित्य चंद्र पांडेय पर मंगलवार शाम बाजार जाते समय हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल आदित्य का गोंडा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। रास्ते में रोककर चाकू से हमला करने का आरोप आदित्य चंद्र पांडेय के मुताबिक, वह मंगलवार शाम करीब 6 बजे घर से निकले थे। शाम करीब 7 बजे भुतहा तालाब के पास पहुंचे, तभी गुड्डू वर्मा, समर ठाकुर और आर्यन अपने साथ 15 अज्ञात लड़कों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि रंगदारी को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। चाकू से पीठ और शरीर पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में आदित्य नगर कोतवाली पहुंचे थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। पुलिस ने गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे आदित्य की तहरीर पर गुड्डू वर्मा, समर ठाकुर, आर्यन और 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, गाली-गलौज समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच रोडवेज चौकी प्रभारी सोनू कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि तीन नामजद और 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। घायल आदित्य का गोंडा मेडिकल कॉलेज में उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *