मेडिकल रिपोर्ट में ‘खेल’, सरकारी डॉक्टर समेत 10 पर FIR:इस्तगासे के आधार पर संगरिया थाना पुलिस ने दर्ज किया केस

मेडिकल रिपोर्ट में ‘खेल’, सरकारी डॉक्टर समेत 10 पर FIR:इस्तगासे के आधार पर संगरिया थाना पुलिस ने दर्ज किया केस

हनुमानगढ़ के संगरिया में मेडिकल रिपोर्ट में कथित हेरफेर कर जांच को प्रभावित करने के आरोप में सरकारी डॉक्टर समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। राजकीय अस्पताल संगरिया के डॉ. प्रिंस भाटिया पर गुरमीत सिंह और अन्य की फर्जी मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने का आरोप है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, संगरिया के समक्ष दायर इस्तगासे के बाद संगरिया थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानलेवा हमले के बाद मेडिकल रिपोर्ट पर उठे सवाल परिवादी कृष्ण कुमार (42), निवासी कदूखेड़ा, पंजाब और वर्तमान निवासी संगरिया, ने इस्तगासे में बताया कि 2 मार्च 2026 को उस पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसके संबंध में संगरिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि इसी मामले में डॉ. प्रिंस भाटिया ने 24 मार्च को ऐसी मेडिकल रिपोर्ट तैयार की, जो वास्तविक चोटों और चिकित्सकीय तथ्यों के अनुरूप नहीं थी। परिवादी का आरोप है कि रिपोर्ट में कथित हेरफेर के जरिए नामजद आरोपियों को अनुचित लाभ पहुंचाने और पुलिस जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। हाईकोर्ट के आदेश पर बना मेडिकल बोर्ड कृष्ण कुमार ने संबंधित मेडिकल रिपोर्ट को चुनौती दी। इसके बाद राजस्थान हाईकोर्ट के 13 मई 2026 के आदेश पर 20 मई को मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया। परिवाद में दावा किया गया है कि बोर्ड के परीक्षण के बाद पूर्व मेडिकल रिपोर्ट में दर्ज निष्कर्षों में बदलाव किया गया। परिवादी ने इसी आधार पर मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया और उसमें शामिल लोगों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। दूसरी FIR का भी दिया हवाला इस्तगासे में कृष्ण कुमार ने एक अन्य एफआईआर का भी हवाला दिया है। आरोप है कि उस मामले में डॉक्टर की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर गंभीर धाराएं लगाई गई थीं, जबकि बाद में गठित मेडिकल बोर्ड ने चोटों को साधारण प्रकृति का बताया। परिवादी ने ऐसे अन्य मामलों का भी उल्लेख करते हुए दावा किया है कि मेडिकल बोर्ड के गठन के बाद पूर्व में तैयार रिपोर्टों के निष्कर्ष बदले गए। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। इन लोगों पर दर्ज हुआ मामला मामले में डॉ. प्रिंस भाटिया के अलावा गुरप्रीत सिंह, बोहड़ सिंह, रोबिन, भीमसैन, गुरलाल सिंह, मनप्रीत, लक्की बत्रा, दलवीर सिंह और नाथी सिंधी को नामजद किया गया है। अब पुलिस खंगालेगी मेडिकल रिकॉर्ड अदालत से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच उप निरीक्षक हरबंश लाल को सौंपी गई है। पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने की परिस्थितियों, संबंधित चिकित्सकीय दस्तावेजों, मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट और नामजद लोगों की भूमिका की जांच करेगी। आरोपों की वास्तविकता जांच के निष्कर्षों के बाद स्पष्ट होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *