मोहाली के फेज-1 थाना क्षेत्र के अधीन मोहाली गांव में रविवार देर रात युवक और युवती पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। रात करीब साढ़े 10 बजे हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी में दोनों पर फायरिंग किए जाने की सूचना सामने आई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोल भी बरामद किए हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमले के पीछे क्या कारण था और फायरिंग किसने की। हमले में घायल युवक और युवती को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फेज-6 में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान 18 वर्षीय सलमान और युवती की पहचान सुमन के रूप में हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

