मऊगंज थाना क्षेत्र के मुदरिया मोड़ ओवरब्रिज के पास सोमवार सुबह करीब 10 बजे हरी मिर्च से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी एक बोलेरो गाड़ी को भी टक्कर मारी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक यूपी 36 टी 8717 रीवा से हरी मिर्च लेकर बनारस की ओर जा रहा था। मुदरिया मोड़ ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक के नियंत्रण खोने से ट्रक पहले सड़क की पटरी पर खड़ी बोलेरो से टकराया और फिर डिवाइडर पर पलट गया। ट्रक और बोलेरो दोनों क्षतिग्रस्त हादसे में ट्रक और बोलेरो दोनों क्षतिग्रस्त हुए हैं। ट्रक पलटने से उसमें लदी हरी मिर्च सड़क किनारे बिखर गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस का 112 डायल वाहन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। ट्रक के सड़क पर पलटने से यातायात बाधित होने की आशंका थी, लेकिन पुलिस ने तत्काल व्यवस्था संभालकर आवागमन को सुचारु कराया। फिलहाल, ट्रक के अनियंत्रित होने के स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

