बच्चों से ईंट ढुलवाने पर प्रधानाध्यापिका पर कार्रवाई:सोनभद्र में एक वार्षिक वेतनवृद्धि रोकी, नियंत्रण के निर्देश

बच्चों से ईंट ढुलवाने पर प्रधानाध्यापिका पर कार्रवाई:सोनभद्र में एक वार्षिक वेतनवृद्धि रोकी, नियंत्रण के निर्देश

सोनभद्र में प्राथमिक विद्यालय पुरनाकलां की प्रधानाध्यापिका माण्डवी कुमारी पर कार्रवाई की गई है। बच्चों से ईंट ढुलवाने के एक वीडियो के संज्ञान में आने के बाद उनकी एक वार्षिक वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है। यह कार्रवाई 27 अगस्त को सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के आधार पर की गई। वीडियो में विद्यालय के बच्चों को टूटी हुई बाउंड्री के निर्माण कार्य के लिए ईंटें ढोते हुए दिखाया गया था। मामले का संज्ञान लेते हुए BSA सोनभद्र ने प्रधानाध्यापिका को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। प्रधानाध्यापिका ने अपने जवाब में बताया कि विद्यालय की लगभग 10 फीट चहारदीवारी असामाजिक तत्वों ने तोड़ दी थी, जिसकी मरम्मत के लिए मजदूर लगाए गए थे। उन्होंने बताया कि मजदूर अतिरिक्त कक्षा-कक्ष में रखी ईंटें निकाल रहे थे, तभी कुछ बच्चे स्वयं ईंट ढोने लगे। प्रधानाध्यापिका ने दावा किया कि उन्होंने बच्चों को तुरंत कक्षा में बुला लिया था। हालांकि, स्पष्टीकरण के परीक्षण के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पाया कि शिक्षण कार्य के दौरान बच्चों का कक्षा से बाहर होना और उन पर प्रभावी नियंत्रण न होना कर्तव्य के प्रति लापरवाही दर्शाता है। इस लापरवाही के लिए माण्डवी कुमारी की एक वार्षिक वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध कर दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि विद्यालय अवधि में बच्चों पर पूर्ण नियंत्रण रखा जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ऐसा न होने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *