अयोध्या के बाबा ठोकनदास ने जीती कुश्ती:औरैया के क्योंटरा दंगल में हरियाणा, पंजाब, बिहार, यूपी के पहलवानों ने दिखाए दांव

अयोध्या के बाबा ठोकनदास ने जीती कुश्ती:औरैया के क्योंटरा दंगल में हरियाणा, पंजाब, बिहार, यूपी के पहलवानों ने दिखाए दांव

औरैया के सदर ब्लॉक स्थित ग्राम क्योंटरा में दो दिवसीय पारंपरिक दंगल एवं मेले का आयोजन किया गया। इस दंगल में हरियाणा, पंजाब, बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए। अयोध्या के बाबा ठोकनदास ने हरियाणा के हीरा को हराकर मुख्य कुश्ती जीती। दंगल का शुभारंभ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकांत पाठक ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। ग्राम प्रधान मीना पांडेय और उनके प्रतिनिधि अखिलेश पांडेय ने बताया कि दंगल के साथ आयोजित यह मेला पांच दिनों तक चलेगा। आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। दंगल की पहली कुश्ती क्योंटरा के कन्हैया और सिहुरा के भोले के बीच हुई, जिसमें भोले ने जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में फिरोजाबाद के रजनीश ने एटा के अमर को पटखनी देकर विजय प्राप्त की। इसके बाद हरियाणा के विवेक और फिरोजाबाद के लव, शेरपुर सरैयां के उदय और क्योंटरा के शिवा यादव, तथा मथुरा के राहुल और उत्तराखंड के गुल्ला के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। कड़ी टक्कर के बाद ये कुश्तियां बराबरी पर समाप्त हुईं। दिन का सबसे आकर्षक मुकाबला हरियाणा के हीरा और अयोध्या के बाबा ठोकनदास के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने अखाड़े में लंबे समय तक एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। अंततः अयोध्या के बाबा ठोकनदास ने शानदार दांव लगाकर कुश्ती अपने नाम कर ली। दंगल के समापन पर विजेता पहलवानों को आयोजकों की ओर से नकद राशि और उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गोपाल दीक्षित, लोटन त्रिवेदी, ओमनरायन शुक्ला, बद्रीनाथ मिश्रा, श्यामबाबू दुबे और धर्मवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *