मुरादाबाद में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड डिप्टी एसपी की पत्नी से ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर 14.41 लाख रुपए की ठगी की है। सिविल लाइंस की अवंतिका कॉलोनी निवासी पीड़िता तीन दिनों तक इतनी भयभीत रहीं कि उन्होंने खाना तक नहीं खाया। ठगी का खुलासा 25 दिन बाद तब हुआ जब उन्होंने अपने बेटे को इसकी जानकारी दी। जानिए पूरा मामला… पीड़िता की पहचान सुशील राय के रूप में हुई है। उन्होंने साइबर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति हाकिम राय उत्तर प्रदेश पुलिस में डिप्टी एसपी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जिनका निधन 2018 में हो गया था। सुशील राय के अनुसार,यह घटना 30 जुलाई 2026 को शुरू हुई जब उनके व्हाट्सएप पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई के बांद्रा थाने का प्रभारी बताया और दावा किया कि उनके बैंक खातों में मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित पैसा आया है। जब पीड़िता ने इन आरोपों से इनकार किया,तो ठग ने उन्हें जेल भेजने की धमकी दी। शुरुआत में उन्होंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया,लेकिन अगले तीन दिनों में ठगों ने उन्हें सात व्हाट्सएप मैसेज और तीन वीडियो कॉल किए।ठगों ने अपनी डीपी पर पुलिसकर्मी की फोटो लगा रखी थी और वीडियो कॉल के दौरान भी वर्दी में सामने आए, जिससे सुशील राय को उन पर विश्वास हो गया। ठगों ने 30 जुलाई से 1 अगस्त तक सुशील राय को ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखा। इस अवधि के दौरान,उन पर लगातार दबाव बनाया गया और उन्हें अपने परिवार या रिश्तेदारों से बात करने से भी रोक दिया गया। भयभीत होकर,पीड़िता ने पहले अपने खाते से 5 लाख रुपए ट्रांसफर किए।इसके बाद, उन्होंने 9.41 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तुड़वाकर तीन चेक के माध्यम से पैसे भेजे। कुल 14.41 लाख रुपए दिल्ली, बंगाल और राजस्थान स्थित 11 अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित कराए गए। ठगों ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि जांच पूरी होने के बाद यह राशि वापस कर दी जाएगी। एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।साइबर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और संबंधित बैंक खातों को ट्रेस किया जा रहा है।

