प्रतापगढ़ जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को जिले के चारों नगरीय निकायों में कुल 54 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। पहले दिन किसी भी निकाय में नामांकन जमा नहीं हुआ था। शनिवार को पर्चे दाखिल होने के साथ ही चुनावी गतिविधियों में तेजी आ गई है। अरनोद में सबसे ज्यादा 22 नामांकन शनिवार को नगर पालिका अरनोद में सबसे अधिक 22 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। इसके बाद धरियावद में 16, प्रतापगढ़ नगर परिषद में 10 और छोटीसादड़ी नगर पालिका में 6 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे। भाजपा-कांग्रेस की सूची का इंतजार प्रतापगढ़ नगर परिषद सहित जिले के अन्य निकायों में भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अपने अधिकृत पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है। बड़ी संख्या में टिकट के दावेदार दोनों दलों की सूची का इंतजार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि सूची जारी होने के बाद नामांकन प्रक्रिया में और तेजी आएगी। कई संभावित प्रत्याशी पहले से ही अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क कर रहे हैं। सोशल मीडिया के जरिए भी दावेदार अपनी सक्रियता दिखा रहे हैं। प्रमुख दलों से टिकट नहीं मिलने की स्थिति में कुछ दावेदार निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतर सकते हैं। सोमवार को दिख सकता है शक्ति प्रदर्शन नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही सोमवार को राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी समर्थकों के साथ नामांकन केंद्रों तक पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन कर सकते हैं। इससे शहर और निकाय क्षेत्रों में दिनभर चुनावी गहमागहमी रहने के आसार हैं। प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी होने के बाद कई वार्डों में मुकाबले की तस्वीर साफ होगी। इसके साथ ही बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका भी चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।

