सीतापुर के रामपुरकला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम करीब 6 बजे सड़क पार कर रही एक बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बिसवां-महमूदाबाद मार्ग पर सरैया गन्ना कांटा के पास शुक्रवार शाम हादसा हुआ। ग्राम कादीपुर निवासी 70 वर्षीय पुराना पत्नी स्वर्गीय रामसेवक बकरियों को लेकर खेतों की तरफ गई थीं। शाम को वह बकरियों के साथ वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय महमूदाबाद की ओर से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रामपुरकला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। महिला की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही अज्ञात बाइक सवार की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने फरार चालक की तलाश तेज कर दी है।

