प्रयागराज में रक्षाबंधन के दिन मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और उमस से लोग परेशान थे। इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण सड़कों पर निकले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राखी बंधवाने जा रहे लोग बारिश में भीगते नजर आए, जिससे उनकी यात्रा बाधित हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी हैं। विभाग ने प्रयागराज, जौनपुर, कौशांबी और प्रतापगढ़ के कुछ इलाकों में अगले तीन घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली कड़कने और आंधी-तूफान की प्रबल संभावना जताई है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश से पहले प्रयागराज में उमस का असर काफी अधिक था। भारत मौसम विज्ञान विभाग के स्थानीय आंकड़ों के अनुसार, 27 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सुबह 8:30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 90 प्रतिशत थी, जो शाम 5:30 बजे तक 98 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। 28 अगस्त के लिए प्रयागराज में अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। बारिश के साथ तापमान में गिरावट से उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बादलों और नमी के कारण मौसम पूरी तरह साफ होने की संभावना कम है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है। यह भी उल्लेखनीय है कि आज सावन मास का अंतिम दिन है। सावन के समापन पर संगमनगरी में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच मौसम में यह बदलाव आया है। रक्षाबंधन और सावन के अंतिम दिन हुई बारिश ने जहां गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं अचानक हुई तेज बारिश ने लोगों की राह भी मुश्किल कर दी।

