मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) की 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को 1 सितंबर को लैपटॉप के लिए सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर हुई समीक्षा बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि 2009-2010 से चालू हुई इस योजना में पहले मेधावी विद्यार्थियों का क्राइटेरिया 85 फीसदी अंकों तक रखा गया था, लेकिन बाद में इसे कम कर 75% कर दिया गया। 80 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत पहले प्रयास में 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपए दिए जाते हैं। विभाग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार करीब 80,180 विद्यार्थी इस सहायता के लिए पात्र बताए जा रहे हैं। इन विद्यार्थियों के बैंक खातों में सीधे राशि ट्रांसफर की जाएगी। लैपटॉप की जगह खाते में मिलती है राशि सरकार इस योजना के तहत विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देती है। विद्यार्थियों को लैपटॉप सीधे वितरित नहीं किया जाता, बल्कि पात्रता पूरी करने वाले विद्यार्थियों के बैंक खातों में राशि जमा की जाती है। आगे स्कूटी वितरण की भी तैयारी समीक्षा बैठक में विद्यार्थियों से जुड़ी अन्य योजनाओं पर भी चर्चा हुई। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी देने की योजना के तहत भी जल्द वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है। इसके लिए विभाग स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

