देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में लखीमपुर खीरी शुगर मिल के 55 वर्षीय कर्मचारी कैलाश प्रसाद की मौत हो गई। यह घटना गुरुवार रात करीब नौ बजे बहादुरपुर गांव के पास हुई, जब उन्हें टहलते समय एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मृतक की पहचान कैलाश प्रसाद (55) पुत्र श्यामसुंदर, निवासी बहादुरपुर, थाना खुखुंदू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कैलाश प्रसाद इन दिनों छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए हुए थे। गुरुवार रात भोजन करने के बाद वे रोज की तरह गांव के सामने सड़क पर टहलने निकले थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने कैलाश प्रसाद को तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मेडिकल कॉलेज से सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।

