जालौन के थाना कैलिया क्षेत्र के सलैया बुजुर्ग गांव में गुरुवार शाम एक युवक पहुंज नदी के तेज बहाव में बह गया। 28 वर्षीय हरिशंकर कौरव नदी में नहाने उतरा था, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद से परिजनों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। पुलिस और ग्रामीण गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव अभियान में चुनौतियां आ रही हैं। जानकारी के अनुसार, सलैया बुजुर्ग निवासी हरिशंकर कौरव पुत्र पहलवान सिंह शाम करीब 6 बजे गांव की ओर से पहुंज नदी के पुल के पास पहुंचा था। परिजनों द्वारा दी गई मौखिक सूचना के मुताबिक, हरिशंकर ने नदी में नहाने के लिए कपड़े उतारे और तौलिया पेड़ पर रख दिया। बताया गया कि वह कथित तौर पर नशे की हालत में था। मौके पर मौजूद कविता धीमर और राघवेंद्र कौरव ने उसे नदी में उतरने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह उनकी बात न मानकर नदी में चला गया। इसके बाद वह तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अवनीश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल स्थानीय गोताखोरों धर्म सिंह धीमर, लाखन, रामकिशोर और राघवेंद्र समेत अन्य लोगों को नदी में उतारकर हरिशंकर की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक चले तलाशी अभियान के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका। पुलिस के अनुसार, इस समय नदी में पानी का स्तर काफी बढ़ा हुआ है, जिससे तलाशी अभियान में बाधा आ रही है। थानाध्यक्ष अवनीश पटेल ने बताया कि घटना की सूचना राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को दे दी गई है और युवक की तलाश के प्रयास जारी हैं। पुलिस के मुताबिक, हरिशंकर अविवाहित था और घर में अकेला रहता था। ग्रामीणों ने बताया कि उसे शराब पीने की लत थी। उसका बड़ा भाई मानवेंद्र दहेज हत्या के एक मामले में लखनऊ जेल में बंद है, जबकि उसकी मां शीला कौरव मध्य प्रदेश के दबोह में रहती हैं।

