बागपत में रक्षाबंधन पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। टीम ने जिले में विभिन्न मावा भट्ठियों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 10 विधिक नमूने लिए। इस दौरान अस्वच्छ तरीके से रखा मिला 95 किलोग्राम मावा मौके पर ही नष्ट कराया गया। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश की आयुक्त और जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देश पर की गई। सहायक आयुक्त खाद्य डीपी सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सुबह से देर शाम तक अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण किया। मावा भट्ठियों से लिए नमूने तहसील बड़ौत के ग्राम टीकरी में जमशेद मंसूर की मावा भट्ठी से मावा और मिश्रित दूध के नमूने लिए गए। इसी गांव में संदीप और सोनू उर्फ गुल्लू की मावा भट्ठियों से भी मावा के एक-एक विधिक नमूने संग्रहित किए गए। ग्राम असारा में कल्लू की मावा भट्ठी पर जांच के दौरान मिश्रित दूध और मावा के नमूने लिए गए। यहां अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर स्थिति में रखा 65 किलोग्राम मावा नष्ट कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 19,500 रुपये बताई गई है। दुकानों पर भी की गई जांच ग्राम लुहारी में मनोज शर्मा की दुकान से बेसन का विधिक नमूना लिया गया। वहीं ग्राम मांगरौली में आबिद हसन की मावा भट्ठी से मावा का नमूना लिया गया। यहां भी अस्वच्छ स्थिति में रखा 30 किलोग्राम मावा मौके पर नष्ट कराया गया। इस तरह अभियान के दौरान कुल 95 किलोग्राम मावा नष्ट कराया गया। रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी 10 विधिक नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य) डीपी सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञ दत्त आर्य और निधि रानी शामिल रहे। विभाग ने पर्व के दौरान मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।

