संभल जिले में गुरुवार सुबह से लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। पिछले करीब तीन घंटे से जारी बारिश के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ। चंदौसी तहसील क्षेत्र में 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। बारिश के बाद शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे से चंदौसी कस्बे के साथ बनियाखेड़ा और बहजोई ब्लॉक क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हुई। चंदौसी कोतवाली, जिला न्यायालय परिसर, एसएम डिग्री कॉलेज और एसएम इंटर कॉलेज रोड समेत शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। सड़कों पर जलभराव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और काम पर निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। जलभराव रोकने के दावों की खुली पोल स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका परिषद चंदौसी की ओर से जलभराव नहीं होने के दावे किए गए थे, लेकिन बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी भरने से इन दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय निवासी विनय कुमार ने जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बारिश होते ही शहर की सड़कें तालाब में बदल जाती हैं। उनके मुताबिक नगर पालिका की ओर से जल निकासी के लिए अब तक प्रभावी योजना नहीं बनाई गई है। विनय कुमार ने कहा कि बारिश से मौसम सुहावना हो गया है, लेकिन जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गुन्नौर-बबराला में भी छाए काले बादल गंगा किनारे स्थित गुन्नौर तहसील के जुनावई ब्लॉक में भी तेज बारिश हुई। नगर पंचायत गुन्नौर और बबराला क्षेत्र में काले बादल छाए हुए हैं। यहां बारिश की संभावना बनी हुई है। संभल शहर और पूरे तहसील क्षेत्र में सुबह करीब 6:30 बजे काले बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई। तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना रहा। पंवासा ब्लॉक के 25 से अधिक गांवों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। जिले में इस साल अब तक 205 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। हालांकि, वर्ष 2025 की तुलना में इस बार करीब 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है। धान को फायदा, उड़द-बाजरा-मूंग को नुकसान की आशंका फतेहपुर उत्तमा गांव के किसान हरि सिंह ने बताया कि बारिश से धान की फसल को फायदा हुआ है। हालांकि, लगातार बारिश होने पर उड़द, बाजरा और मूंग की फसलों को नुकसान होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि धान के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है, लेकिन अन्य फसलों के लिए ज्यादा पानी नुकसानदायक साबित हो सकता है। बारिश से मौसम सुहावना, जलभराव ने बढ़ाई परेशानी लगातार बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो गया है। लोग गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन शहर की जल निकासी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। कई प्रमुख सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।

