स्वाइन फ्लू को लेकर यूपी में हाई अलर्ट, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने दिए निगरानी बढ़ाने के सख्त निर्देश

स्वाइन फ्लू को लेकर यूपी में हाई अलर्ट, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने दिए निगरानी बढ़ाने के सख्त निर्देश

Swine Flu Threat Increases: देश भर में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने इस बीमारी की गंभीरता को देखते हुए पूरे राज्य में निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव और महानिदेशक को पत्र लिखकर स्वाइन फ्लू के मामलों की लगातार समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा है।

75 जिलों में निगरानी के निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में स्वाइन फ्लू से जुड़े मामलों पर पैनी नजर रखी जाए। अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध और संक्रमित मरीजों की स्थिति की नियमित निगरानी की जाए। डिप्टी सीएम ने विशेष रूप से कहा है कि गंभीर मरीजों की समय रहते पहचान कर उन्हें तत्काल जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इससे किसी भी मरीज की स्थिति बिगड़ने से पहले उसे सही इलाज मिल सकेगा और गंभीर परिस्थितियों से आसानी से निपटा जा सकेगा।

मरीजों के इलाज में न हो कोई परेशानी

ब्रजेश पाठक ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के सभी अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह उपलब्ध हैं और स्वास्थ्य विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि अस्पतालों में जरूरी दवाओं जांच और उपचार की सभी सुविधाएं बिल्कुल दुरुस्त रखी जाएं। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी जरूरतमंद मरीज को इलाज के दौरान कोई परेशानी न हो। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार जमीनी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जिलों से मिलने वाली सूचनाओं की समीक्षा की जा रही है।

जनता से अफवाहों से बचने की अपील

उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से खास अपील करते हुए कहा है कि स्वाइन फ्लू को लेकर किसी को भी घबराने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। सरकार पूरी तरह तैयार है बस लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने सलाह दी है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अनावश्यक डर से बचें और स्वास्थ्य संबंधी कोई भी परेशानी होने पर समय रहते डॉक्टर से परामर्श लें। प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता हर नागरिक को सुरक्षित सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *