रायपुर में गौवंश को शिफ्ट करने के दौरान नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि करीब 100 गायों को 6 गाड़ियों में भरकर सुबह से शाम तक एक जगह से दूसरी जगह भेजा गया, लेकिन उन्हें रखने की जगह नहीं मिली। नेता प्रतिपक्ष के मुताबिक सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक करीब 9 घंटे गायें बारिश में गाड़ियों के अंदर ही घूमती रहीं। पहले उन्हें धनेली ले जाया गया। वहां जगह नहीं मिली तो हीरापुर-जर्वे और अटारी स्थित गौठानों में भेजा गया। वहां भी गायों को रखने से इनकार कर दिया गया। आखिरकार सभी गाड़ियां शाम को गायों को लेकर वापस फूडहर गौठान पहुंचीं। पहले धनेली ले गए, वहां भी नहीं मिली जगह आकाश तिवारी के अनुसार फूडहर स्थित नगर निगम गौठान से करीब 80 से 100 गायों को शिफ्ट करने के लिए 6 गाड़ियां लगाई गई थीं। सुबह करीब 8 बजे गायों को धनेली स्थित सदगुरु मानव सेवा असंग आश्रम ले जाया गया। लेकिन वहां उन्हें रखने की जगह नहीं मिली। आश्रम संचालक पहले ही कलेक्टर को पत्र देकर गौशाला बंद करने की बात बता चुके थे। इसके बावजूद निगम ने गायों को वहां भेज दिया। फिर तीन जगह भटकती रहीं गाड़ियां धनेली में जगह नहीं मिलने के बाद गायों से भरी गाड़ियों को हीरापुर-जर्वे और अटारी स्थित गौठानों की ओर भेजा गया। लेकिन वहां भी गायों को रखने की व्यवस्था नहीं हो सकी। संचालकों ने उन्हें रखने से मना कर दिया। इस दौरान बारिश होती रही और गायें गाड़ियों में ही खड़ी रहीं। सुबह 8 से शाम 5 बजे तक चलता रहा सिलसिला तिवारी के मुताबिक करीब 9 घंटे तक गायों को लेकर गाड़ियां अलग-अलग जगह घूमती रहीं। सुबह 8 बजे फूडहर से निकली गाड़ियां शाम करीब 5 बजे वापस वहीं पहुंचीं। यानी पूरे दिन की कवायद के बाद भी गायों के लिए नया ठिकाना नहीं मिल सका। गायों के वापस फूडहर पहुंचने की जानकारी मिलने पर आकाश तिवारी गौठान पहुंचे और वहां की स्थिति देखी। नेता प्रतिपक्ष ने लगाया लापरवाही का आरोप मौके पर आकाश तिवारी ने नगर निगम और भाजपा सरकार पर गौवंश के प्रति लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “सुबह से शाम तक गायों को रखने की जगह तक रायपुर नगर निगम के पास नहीं है। भारी बारिश में गौ माता तड़पती रही। क्या हमारी संवेदनाएं खत्म हो गई हैं?” उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य और नगर निगम में भाजपा की सरकार है। रायपुर की जनता ने भाजपा को महापौर, विधायक, सांसद और पार्षद दिए हैं, इसके बावजूद गौवंश को लेकर ऐसी स्थिति सामने आ रही है। तिवारी ने सवाल उठाया कि “क्या यही विष्णु जी का सुशासन है?” 7 दिन में व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम नेता प्रतिपक्ष ने नगर निगम को 7 दिन का समय दिया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान गौठानों में गायों के लिए रहने की जगह, चारा, पानी और इलाज की व्यवस्था नहीं सुधरी तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। तिवारी ने कहा कि नगर निगम को गौवंश के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी।

