इंदौर में फॉर्च्यूनर ने बाइक को मारी टक्कर:19 साल के मैकेनिक की मौके पर मौत, 2 नाबालिग दोस्त घायल; कार छोड़कर भागा चालक

इंदौर में फॉर्च्यूनर ने बाइक को मारी टक्कर:19 साल के मैकेनिक की मौके पर मौत, 2 नाबालिग दोस्त घायल; कार छोड़कर भागा चालक

इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में 19 वर्षीय ऑटो मैकेनिक आदिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो नाबालिग दोस्त अल्लू (16) और अल्फेज उर्फ रब्बा (17) घायल हो गए। हादसा शिवाजी वाटिका के पास रात करीब 3 बजे हुआ। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग में जा घुसी। कार सवार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। चाय-नाश्ता करके लौट रहे थे तीनों दोस्त संयोगितागंज पुलिस के अनुसार, मथुरावाली गली निवासी आदिल (19), पिता जावेद शेख, अपने दो नाबालिग दोस्तों अल्लू और अल्फेज के साथ सरवटे बस स्टैंड से चाय-नाश्ता करके बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान शिवाजी वाटिका के पास तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग में जा घुसी। हादसे में आदिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अल्लू और अल्फेज उछलकर दूर जा गिरे। घटना के बाद कार सवार लोग वाहन मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। परिवार का सहारा था आदिल आदिल पेशे से ऑटो मैकेनिक था और परिवार का मुख्य सहारा था। उसके परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। उसके पिता मोटर बाइंडिंग का काम करते हैं। घायल अल्फेज भी मजदूरी करता है। दोनों घायलों का इलाज जारी है। पुलिस फॉर्च्यूनर चालक की तलाश कर रही है। तेजाजी नगर में बाइक से गिरने पर महिला की मौत तेजाजी नगर क्षेत्र में सोमवार रात हुए सड़क हादसे में 44 वर्षीय शांतिबाई की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा विजय मामूली घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, शांतिबाई पत्नी फूलचंद अपने बेटे के साथ पीथमपुर से धार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान वह बाइक से गिर गईं। उन्हें अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मामले में अभी बेटे के बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *