सतना में गरबा आयोजनों के बीच सोमवार रात विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता कई पंडालों में पहुंचे। उन्होंने आयोजकों से मुलाकात कर शामिल होने वालों की पहचान जांचने और पहचान पत्र देखने के बाद ही प्रवेश देने को कहा। कार्यकर्ताओं ने पंडालों में ‘लव जिहाद से सावधान’ के पोस्टर भी लगाए। कार्यकर्ताओं ने आयोजकों से कहा कि प्रवेश के समय आईडी कार्ड, फोटो और आधार कार्ड जैसे दस्तावेजों की जांच की जाए। उन्होंने धार्मिक परंपराओं का ध्यान रखते हुए गरबा उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से कराने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रवेश व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की अपील की। विहिप नेता बोले- पहचान की पुष्टि के बाद दें प्रवेश विहिप के प्रांत गौशाला प्रमुख सचिन शुक्ला ने कहा कि गरबा हिंदू रीति-रिवाजों और संस्कृति के अनुसार मनाया जाना चाहिए। उन्होंने आयोजकों से शामिल होने वालों की पहचान सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। उन्होंने यह भी कहा कि गरबा में हिंदू परंपराओं में आस्था रखने वाली महिलाएं ही शामिल हों। ये कार्यकर्ता रहे मौजूद इस दौरान विहिप के जिला उपाध्यक्ष राज बहादुर मिश्रा, बजरंग दल के जिला संयोजक ऋषभ शुक्ला, नगर मिलन प्रमुख विवेक अग्निहोत्री, शिवेंद्र मिश्रा और मनीष चतुर्वेदी मौजूद रहे। इनके अलावा विशाल शुक्ला, दीप गुप्ता, अमन बघेल, वीर बघेल, गनी बघेल, आनंद गुप्ता, संचित विश्वकर्मा और कृष्णा त्रिपाठी भी शामिल थे।

