फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर सावन मेले के दौरान कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पिछले सप्ताह गंगा में डूबने की घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। घाट पर बैरिकेडिंग के साथ सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए गंगा तट पर टिन लगाकर बैरिकेडिंग की गई है। गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और बैनर भी लगाए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र के भीतर रखकर स्नान कराना है। घाट के दोनों ओर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जो लगातार निगरानी कर रहे हैं। गंगा स्नान के बाद जल भरकर रवाना हो रहे कांवड़िए पांचाल घाट पर बड़ी संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। स्नान के बाद श्रद्धालु गंगा जल भरकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। पिछले रविवार को करीब 2 लाख श्रद्धालु पांचाल घाट पहुंचे थे। आज इससे भी अधिक भीड़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। रूट डायवर्जन पहले से लागू श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन पहले ही लागू किया जा चुका है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घाट तथा आसपास के इलाकों में व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बैरिकेडिंग के बाहर जाकर गहरे पानी में स्नान न करें और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

