खरगोन के जैतापुर स्थित बजरंगनगर में 23 वर्षीय नवविवाहिता श्वेता सागोरे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर बेटी को प्रताड़ित कर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। श्वेता को सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर तहसीलदार ने पंचनामा बनाया। शाम को महिला डॉक्टर की मौजूदगी में डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद मायका पक्ष ने शव लेने से इनकार कर दिया। लोहारी और मगरिया के परिजनों ने रात 10 बजे पति अजय सागोरे, सास और ससुर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गायत्री मंदिर तिराहे पर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर एसडीओपी सौरभ तोमर, जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कुमार और कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पिता बोले- गला दबाकर हत्या की गई
श्वेता के पिता करण देवले ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को प्रताड़ित किया गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल में छोड़कर भाग गए और उन्हें देरी से सूचना दी गई। देवले के अनुसार, श्वेता के गले और शरीर पर नीले निशान थे। उन्होंने बताया कि लोहारी निवासी श्वेता ने चार साल पहले अजय सागोरे से प्रेम विवाह किया था और उनकी ढाई साल की एक बेटी भी है। उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार सभी मांगें पूरी की थीं, लेकिन इसके बावजूद पति, सास और ससुर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे थे। पिछले 20 दिनों से उसे फोन पर बात भी नहीं करने दी जा रही थी। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई होगी
थाना प्रभारी सुदर्शन कुमार ने बताया कि नवविवाहिता श्वेता सागोरे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। डॉक्टरों के पैनल और तहसीलदार की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने हत्या के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

