बड़वानी श्रद्धा कांवड़ यात्रा रविवार शाम करीब 6 बजे बड़वाह पहुंच गई। यह यात्रा बड़वानी श्रीराम धर्मजागरण समिति जुलवानिया के तत्वावधान में निकाली जा रही है। इसका नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं यात्रा संयोजक अजय यादव कर रहे हैं। बड़वाह पहुंचने पर पूर्व विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने यात्रा का स्वागत किया। वे सिलावद मंडल अध्यक्ष अजय यादव और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा स्थल पर पहुंचे थे। पटेल ने भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव सहित यात्रा में शामिल 500 से अधिक कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें गमछा पहनाकर सम्मानित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव ने बताया कि यह कांवड़ यात्रा 10 अगस्त को ओम्कारेश्वर पहुंचेगी। वहां बाबा ओंकारेश्वर और ममलेश्वर महादेव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा में शामिल शिवभक्त पैदल चलकर बाबा के दरबार तक पहुंचेंगे। यह कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है। यह पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान और सामाजिक समरसता का संदेश भी दे रही है। यात्रा मार्ग में जगह-जगह पौधे लगाए जा रहे हैं और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यात्रा के साथ भगवान भोलेनाथ की भव्य शिवलिंग और माता पार्वती के साथ विराजित आकर्षक झांकी भी चल रही है। डीजे पर बज रहे भजनों पर कावड़िए और श्रद्धालु झूमते हुए आगे बढ़ रहे हैं। मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा कावड़ियों के लिए जलपान और प्रसादी की व्यवस्था की गई है। बड़वाह में यात्रा के आगमन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल होने और दर्शन के लिए पहुंचे थे। बड़वाह से विदा होकर यात्रा अब ओम्कारेश्वर की ओर रवाना हो गई है, जहां 10 अगस्त को जलाभिषेक के साथ इसका समापन होगा।

