बैतूल के घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने रात में छापा मारकर माचना नदी के किनारे बनाए गए अवैध रेत भंडारण स्थलों का भंडाफोड़ किया। इस दौरान करीब चार लाख रुपए मूल्य की 330 घनमीटर रेत और लगभग सवा करोड़ रुपए कीमत के 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी एवं एक डंपर जब्त किए गए। हालांकि, कार्रवाई के दौरान मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला। कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवने के निर्देश पर सोमवार रात घोड़ाडोंगरी तहसील के विक्रमपुर क्षेत्र में संयुक्त दल ने औचक निरीक्षण किया। जांच में शासकीय एवं वन भूमि पर दो स्थानों पर अवैध रूप से रेत का भंडारण पाया गया। एक स्थान पर 210 घनमीटर और दूसरे स्थान पर 120 घनमीटर रेत जमा थी, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर भी मौके पर मिले। संयुक्त टीम ने कुल सात ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक डंपर को जब्त किया। जब्त किए गए इन वाहनों की अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपए बताई जा रही है। उप संचालक (खनिज) मनीष पालेवार ने बताया कि कार्रवाई रात में की गई थी, इसलिए मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। यही कारण है कि फिलहाल किसी आरोपी का नाम सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि जब्त वाहनों के मालिकों और अवैध भंडारण से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम-2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में एसडीएम शाहपुर, तहसीलदार घोड़ाडोंगरी, नायब तहसीलदार चोपना, पुलिस थाना चोपना तथा खनिज विभाग का अमला शामिल रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और रेत तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


