बिलासपुर नगर निगम और तारबाहर पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को निराला नगर, पुराना बस स्टैंड स्थित तीन लॉजों में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियां और दस्तावेजी अनियमितताएं पाए जाने पर रामेश्वरम लॉज को तत्काल सील कर दिया गया। वहीं अन्य लॉज संचालकों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान कृष्णा लॉज, शर्मा लॉज और रामेश्वरम लॉज की जांच की गई। टीम ने बिल्डिंग परमिशन, ट्रेड लाइसेंस, गुमास्ता पंजीयन, फायर सेफ्टी और अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण में तीनों लॉज संचालक बिल्डिंग परमिशन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। स्थानीय लोगों और कपल्स को दिए जा रहे थे कमरे लॉजों के रजिस्टर की जांच के दौरान स्थानीय लोगों और कपल्स को कमरे आवंटित किए जाने की जानकारी सामने आई। इससे संदिग्ध गतिविधियों की आशंका और मजबूत हुई। रामेश्वरम लॉज में निरीक्षण के दौरान आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई, जिसके बाद निगम ने उसे तत्काल सील कर दिया। शिकायत पर हुई कार्रवाई जानकारी के अनुसार, निराला नगर क्षेत्र के निवासियों ने इन लॉजों में कथित अनैतिक गतिविधियों की शिकायत सीधे नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे से की थी। शिकायत मिलने के बाद निगम आयुक्त ने संयुक्त जांच टीम गठित कर औचक निरीक्षण के निर्देश दिए थे। दस्तावेजों में मिली कई खामियां डिप्टी कमिश्नर अंकुर पांडेय ने बताया कि कृष्णा लॉज ने गुमास्ता और ट्रेड लाइसेंस प्रस्तुत किया, जबकि शर्मा लॉज का ट्रेड लाइसेंस समाप्त हो चुका था और फायर सेफ्टी मानकों में भी कमी पाई गई। उन्होंने बताया कि विकास शर्मा द्वारा संचालित शर्मा लॉज और रामेश्वर होम्स में जीएसटी पंजीयन, ट्रेड लाइसेंस, गुमास्ता पंजीयन, बिल्डिंग परमिशन और फायर सेफ्टी संबंधी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। इसी वजह से रामेश्वर होम्स (रामेश्वरम लॉज) को सील किया गया। नाबालिगों और कपल्स को कमरा देने की शिकायत स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन लॉजों में नाबालिगों और कपल्स को कमरे उपलब्ध कराए जा रहे थे, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा था। जांच के दौरान महिला पुलिस भी मौजूद रही और रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की गई। दस्तावेज पेश करने के निर्देश नगर निगम ने तीनों लॉज संचालकों को सभी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, शर्मा लॉज में 22 कमरे और रामेश्वर होम्स में 12 कमरे संचालित किए जा रहे थे। दस्तावेजों की आगे भी जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अतिरिक्त कार्रवाई की जाएगी। निगम की जांच टीम में डिप्टी कमिश्नर अंकुर पांडेय, अतिक्रमण शाखा से संतोष वर्मा, शिवबहादुर जायसवाल तथा संपदा शाखा से हरीश शास्त्री शामिल रहे। पुलिस और निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में संचालित लॉज, होटल और गेस्ट हाउसों की जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।


