रतनसागर झील में गुमशुदा युवक की तलाश जारी:सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ ने चलाया व्यापक सर्च अभियान

बूंदी के नैनवां उपखंड स्थित तलवास की रतनसागर झील में गुमशुदा युवक सोनू रेगर की तलाश के लिए रविवार को व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमों ने यह अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। तलवास निवासी रामदयाल रेगर ने 4 जून 2026 को थाना देई में अपने बेटे सोनू (पुत्र रामदयाल रेगर) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, सोनू 2 जून की शाम करीब 6 बजे बिना बताए घर से चला गया था। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। बाद में परिजनों ने सोनू के रतनसागर झील में डूबने की आशंका जताई थी। थाना देई के पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट मिलते ही एमपीआर संख्या 24/2026 दर्ज कर एएसआई राजेश कुमार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
परिजनों की आशंका के आधार पर, 7 जून को रतनसागर झील में सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमों ने सुबह से सर्च अभियान शुरू किया। सिविल डिफेंस दल के प्रभारी धनपाल के नेतृत्व में विशाल, राजकुमार, दुर्गालाल, आकाश और पवन ने अभियान में हिस्सा लिया। एसडीआरएफ दल में कमांडेंट राजेन्द्र सिंह, एकता हाड़ा, हंसराज, हरवीर, खुशीराम, रामप्रसाद, शिवपाल, सुरेश कुमार, गोविंद, अमृतलाल, राजेश और रामकिशन शामिल थे। टीमों ने पूरे दिन झील में गहन तलाश की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। मौके पर तहसीलदार रामराय मीणा और नायब तहसीलदार कैलाश नारायण मीणा स्वयं मौजूद रहे। उनके साथ राजस्व विभाग के कानूनगो, पटवारी, वन विभाग के कर्मचारी और पुलिस बल भी मुस्तैदी से तैनात थे। सर्च अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी झील किनारे एकत्रित हुए थे। पुलिस निरीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। गुमशुदा युवक के संबंध में उसके पिता, भाई सहित अन्य लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *