रांची| रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के तत्वावधान में हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन के बहुउद्देशीय सभागार में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। विभिन्न शैक्षणिक व व्यावसायिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले 145 छात्र-छात्राओं को मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र, पुस्तक और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता सम्मेलन अध्यक्ष सज्जन पाड़िया ने की। मुख्य अतिथि रांची विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सरोज शर्मा ने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ अनुशासन, परिश्रम, विनम्रता, आत्मविश्वास, धैर्य और दृढ़ संकल्प सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा पैदा करता है। विशिष्ट अतिथि अधिवक्ता आनंद पासारी ने शिक्षा व संस्कार को समाज की बड़ी पूंजी बताया। समारोह में सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड की वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 125 विद्यार्थियों के साथ उच्च शिक्षा व विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि पाने वाले 20 युवाओं को सम्मानित किया गया। मौके पर सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, महामंत्री विनोद कुमार जैन, पंकज पोद्दार, पवन पोद्दार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।


