आरक्षी भर्ती परीक्षा से पहले पेपर लीक का झांसा:टेलीग्राम चैनल पर 8 हजार रुपये में प्रश्नपत्र देने का दावा, मुकदमा दर्ज

लखनऊ के उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा से पहले पेपर लीक कराने का दावा करने वाले टेलीग्राम चैनल के खिलाफ हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। भर्ती बोर्ड के सतर्कता निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। भर्ती बोर्ड के मुताबिक आरक्षी भर्ती की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रस्तावित है। परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए बोर्ड की सोशल मीडिया सेल विभिन्न इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी कर रही है। इसी दौरान 6 जून को टेलीग्राम पर संचालित एक चैनल “UPP Exam Paper” की जानकारी मिली, जिसमें परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा था। जांच में पता चला कि चैनल पर पोस्ट डालकर अभ्यर्थियों को निजी ग्रुप में प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का लालच दिया जा रहा था। इसके लिए प्रति अभ्यर्थी 8 हजार रुपये की मांग की गई थी। चैनल पर एक क्यूआर कोड और बैंक खाते का विवरण भी साझा किया गया था, ताकि अभ्यर्थियों से रकम जमा कराई जा सके। भर्ती बोर्ड का आरोप है कि चैनल संचालकों ने कंप्यूटर नेटवर्क और इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग करते हुए अभ्यर्थियों को गुमराह करने, अनुचित लाभ पहुंचाने और धोखाधड़ी के जरिए आर्थिक फायदा उठाने का प्रयास किया। इससे अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई और परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका बनी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं, आईटी एक्ट की धारा 66डी और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस टेलीग्राम चैनल संचालकों और उनसे जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *