गहरी खाइयों में चल रही थी अवैध शराब फैक्ट्री:मंदसौर पुलिस ने एक हजार लीटर महुआ लहान नष्ट किया, पांच हाथ भट्टियां भी तोड़ीं

गहरी खाइयों में चल रही थी अवैध शराब फैक्ट्री:मंदसौर पुलिस ने एक हजार लीटर महुआ लहान नष्ट किया, पांच हाथ भट्टियां भी तोड़ीं

मंदसौर जिले की पिपलिया मंडी पुलिस ने शनिवार देर शाम ग्राम काचरिया चंद्रावत में अवैध शराब निर्माण के एक अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने लगभग 1000 लीटर कच्चा महुआ लहान जब्त कर नष्ट किया और शराब बनाने में इस्तेमाल हो रही पांच हाथ भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव के आसपास खेतों, तालाबों और गहरी खाइयों में लंबे समय से अवैध रूप से कच्ची शराब बनाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर पिपलिया मंडी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। एक हजार लीटर महुआ लहान नष्ट
जांच में सामने आया कि शराब तस्कर पुलिस की नजर से बचने के लिए गहरी खाइयों और गड्ढों में छिपकर कच्ची शराब तैयार कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान, पुलिस ने मौके से बरामद लगभग 1000 लीटर महुआ लहान को नष्ट कर दिया। साथ ही, शराब बनाने में प्रयुक्त सभी उपकरण और पांच हाथ भट्टियों को भी तोड़ दिया गया। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि नष्ट किए गए महुआ लहान और अन्य सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान मौके से कोई व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *