सीहोर जिले में शनिवार को मौसम में अचानक बदलाव देखा गया। दोपहर तक जहां भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों को परेशान किया, वहीं शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। दोपहर 3 बजे तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद अचानक मौसम बदला और जिले के कई स्थानों पर लगभग आधा इंच बारिश हुई। इस प्री-मानसून गतिविधि से उमस और तपती गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 4 जून को केरल में दस्तक दे दी है और यह तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीहोर जिले में मानसून आमतौर पर 15 जून तक सक्रिय हो जाता है, लेकिन इस साल इसमें थोड़ी देरी की संभावना है। जिले में मानसून के 20 से 22 जून के बीच सक्रिय होने का अनुमान है। आज की बारिश प्री मानसून गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि शनिवार को हुई यह बारिश पूरी तरह से प्री-मानसून गतिविधि है। आने वाले एक-दो दिनों में जिले के कुछ और हिस्सों में तेज हवाओं के साथ इसी तरह की बौछारें पड़ने की उम्मीद है, जिससे तापमान नियंत्रित रहेगा।


