खलीलाबाद तहसील में प्रशासन के खिलाफ अधिवक्ताओं का प्रदर्शन:सीडीओ और ईओ पर बिफरे अधिवक्ता, विधायक अंकुर राज तिवारी के हस्तक्षेप से टला विवाद

खलीलाबाद तहसील में प्रशासन के खिलाफ अधिवक्ताओं का प्रदर्शन:सीडीओ और ईओ पर बिफरे अधिवक्ता, विधायक अंकुर राज तिवारी के हस्तक्षेप से टला विवाद

संतकबीरनगर के खलीलाबाद तहसील परिसर में शनिवार को समाधान दिवस के अवसर पर अधिवक्ताओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। लंबे समय से समस्याओं का समाधान न होने से अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश था, जिससे तहसील परिसर में हंगामा खड़ा हो गया। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने खलीलाबाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जनहित और अधिवक्ताओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं, जिन पर प्रशासनिक अधिकारी लगातार लापरवाही बरत रहे हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही सदर विधायक अंकुर राज तिवारी मौके पर पहुंचे। वे स्थानीय जनता की समस्याएं सुनने के लिए तहसील आए थे। विधायक ने स्थिति को बिगड़ता देख तुरंत हस्तक्षेप किया और आक्रोशित अधिवक्ताओं से बातचीत की। उन्होंने अधिवक्ताओं की मांगों को ध्यान से सुना। विधायक अंकुर राज तिवारी ने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों और समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक के इस आश्वासन और मध्यस्थता के बाद अधिवक्ता शांत हुए, जिसके बाद तहसील समाधान दिवस की कार्यवाही आगे बढ़ सकी। वहीं इस दौरान विधायक अंकुर राज तिवारी ने न्यायालय परिसर में साफ सफाई, पेयजल की व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दिया और अधिवक्ताओं के लिए तहसील परिसर में 25/100 का चेंबर का निर्माण जल्द से जल्द पूरा करने की बात कही। विधायक अंकुर राज तिवारी ने साफ लहजे में कहा कि आम जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो वे आगे की रणनीति बनाने के लिए बाध्य होंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *