खरगोन जिले के सनावद क्षेत्र में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। शाम 4 बजे के आसपास तेज आंधी और एक घंटे की बारिश के कारण 10 से अधिक पुराने पेड़ उखड़ गए। इन पेड़ों के गिरने से सड़कों, बिजली के तारों और कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है। पेड़ों के गिरने से कई घरों को क्षति पहुंची और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। बिजली विभाग की टीमें आपूर्ति बहाल करने के लिए काम कर रही हैं। वार्ड 2 में एक 40 साल पुराना पेड़ भी उखड़ गया। दिनभर भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को इस जोरदार बारिश से राहत मिली है। तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जो 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश प्री-मानसून गतिविधियों का परिणाम है। अगले चार दिनों तक आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।


